Baba Vishwanath Tilkotsav : तिलकोत्सव 2026- सप्तर्षि आरती से पहले बाबा विश्वनाथ को चढ़ेगा तिलक, 500 साल पुरानी परंपरा का होगा निर्वहन

Baba Vishwanath Tilkotsav : वसंत पंचमी पर काशी में बाबा विश्वनाथ का भव्य तिलकोत्सव आयोजित होगा। सप्तर्षि आरती से पहले तिलक, 500 साल पुरानी परंपरा, 15 फरवरी शिव विवाह और 27 फरवरी रंगभरी एकादशी तक चलेगा आयोजन।

Baba Vishwanath Tilkotsav : वसंत पंचमी के पावन अवसर पर काशी में एक बार फिर सदियों पुरानी लोक परंपरा जीवंत होने जा रही है। काशीपुराधीश्वर बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव इस वर्ष भी पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ संपन्न होगा। सप्तर्षि आरती से पहले ही बाबा विश्वनाथ को दूल्हे के रूप में तिलक अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही बाबा का वैवाहिक अनुष्ठान प्रारंभ होगा, जो 15 फरवरी को शिव विवाह और 27 फरवरी को रंगभरी एकादशी पर माता गौरा के गौना तक चलेगा।

Baba Vishwanath Tilkotsav : 500 साल पुरानी परंपरा का निर्वहन

काशी की लोक परंपरा के अनुसार हर वर्ष वसंत पंचमी पर टेढ़ीनीम स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत आवास पर बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा का तिलकोत्सव किया जाता है। यह परंपरा लगभग 500 वर्षों से निरंतर चली आ रही है, जिसमें काशीवासी स्वयं बाबा को दूल्हे के रूप में तिलक अर्पित करते हैं।

Baba Vishwanath Tilkotsav : सप्तर्षि आरती से पहले होगा तिलकोत्सव

शुक्रवार की शाम शुभ लग्न के अनुसार, विश्वनाथ धाम में होने वाली सप्तर्षि आरती से पहले ही तिलकोत्सव संपन्न करा लिया जाएगा। सूर्योदय के बाद और शाम सात बजे से पहले बाबा के विवाह संबंधी मांगलिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ को तिलक अर्पित किया जाएगा।

Baba Vishwanath Tilkotsav : इस बार बड़ी शीतला माता मंदिर को मिली जिम्मेदारी

इस वर्ष बाबा विश्वनाथ के तिलकोत्सव की जिम्मेदारी दशाश्वमेध स्थित सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर को सौंपी गई है। मंदिर के महंत परिवार की ओर से काशीपुराधीश्वर बाबा का तिलकोत्सव संपन्न कराया जाएगा। सबसे पहले तिलकोत्सव से संबंधित सभी सामग्री बड़ी शीतला माता मंदिर से बांसफाटक स्थित धर्म निवास परिसर के श्रीयंत्र पीठम में लाई जाएगी। यहीं से शुक्रवार की शाम शुभ समय पर तिलकोत्सव का पारंपरिक आयोजन आरंभ होगा।

Baba Vishwanath Tilkotsav : महंत लिंगिया महाराज के नेतृत्व में आएंगे तिलकहरू

श्रीयंत्र पीठम से तिलकोत्सव की शोभायात्रा टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत आवास के लिए प्रस्थान करेगी। बड़ी शीतला माता मंदिर के श्रीमहंत शिवप्रसाद पांडेय ‘लिंगिया महाराज’ के नेतृत्व में तिलकहरू बाबा को दूल्हे के रूप में तिलक अर्पित करेंगे।

Baba Vishwanath Tilkotsav : 11 वैदिक ब्राह्मण करेंगे पंचबदन प्रतिमा की पूजा

शिव विवाह से जुड़े सभी कार्यक्रम ‘शिवांजलि’ के नाम से आयोजित किए जा रहे हैं। इसके संयोजक संजीव रत्न मिश्र ने बताया कि तिलकोत्सव से पूर्व टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान होगा। मोहिनी देवी, अंकशास्त्री महंत वाचस्पति तिवारी तथा 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा पंचबदन प्रतिमा का विशेष पूजन किया जाएगा। इसके बाद बाबा का भव्य श्रृंगार होगा।

Baba Vishwanath Tilkotsav : वैदिक विधि-विधान से होगा बाबा का तिलक

उपमहंत अवशेष पांडेय ने बताया कि बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा को विशेष रूप से सजाकर वैदिक विधि-विधान के अनुसार तिलक किया जाएगा। वसंत पंचमी से लेकर रंगभरी एकादशी तक बाबा विश्वनाथ विवाहोत्सव के भाव में रहेंगे और रंगभरी एकादशी के दिन माता गौरा को गौना कराकर बाबा काशी विश्वनाथ धाम में विराजमान होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *