Strait of Hormuz Ship Attack : होर्मुज जलडमरूमध्य में थाई जहाज पर हमला, कांडला बंदरगाह आ रहा था ‘मायुरी नारी’

Strait of Hormuz Ship Attack : होर्मुज जलडमरूमध्य में थाई मालवाहक जहाज ‘मायुरी नारी’ पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला, जहाज में लगी भीषण आग। कांडला बंदरगाह आ रहा था जहाज, 20 नाविक बचाए गए जबकि 3 अभी भी लापता।

Strait of Hormuz Ship Attack : नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए एक और चिंताजनक घटना सामने आई है। बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक थाई रजिस्टर्ड मालवाहक जहाज ‘मायुरी नारी’ (Mayuri Naree) पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला कर दिया गया। इस हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और समुद्र के बीचों-बीच जहाज से काला धुआं उठता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के खलीफा बंदरगाह से रवाना होकर भारत के गुजरात स्थित कांडला बंदरगाह की ओर आ रहा था। हमले के बाद हालात बिगड़ने पर जहाज के चालक दल को मजबूरन जहाज छोड़ना पड़ा और उन्होंने लाइफ राफ्ट के सहारे समुद्र में उतरकर अपनी जान बचाई।

Strait of Hormuz Ship Attack : 178 मीटर लंबा बल्क कैरियर, 30 हजार टन क्षमता

रॉयल थाई नेवी के अनुसार ‘मायुरी नारी’ थाई कंपनी प्रेशियस शिपिंग का मालवाहक जहाज है। यह लगभग 178 मीटर लंबा बल्क कैरियर है जिसकी क्षमता करीब 30 हजार टन माल ढोने की है। यह जहाज अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग से होते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर रहा था, तभी उस पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ।

Strait of Hormuz Ship Attack : ओमान के पास हुआ हमला

यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) की रिपोर्ट के मुताबिक हमला ओमान के उत्तरी तट से करीब 11 नॉटिकल मील की दूरी पर हुआ। प्रोजेक्टाइल लगने के बाद जहाज के एक हिस्से में आग भड़क गई और देखते ही देखते आग ने जहाज के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।आग के कारण जहाज पर मौजूद चालक दल के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत जहाज खाली करने का आदेश दिया गया।

Strait of Hormuz Ship Attack : 20 नाविकों को बचाया गया, 3 अभी लापता

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही ओमानी नौसेना ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। अब तक जहाज पर मौजूद 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन नाविक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए समुद्र में सर्च ऑपरेशन जारी है।

Strait of Hormuz Ship Attack : वैश्विक व्यापार के लिए अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। ऐसे में इस इलाके में होने वाली किसी भी सैन्य या आतंकी घटना का असर सीधे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर जोखिम लगातार बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *