Aam Aadmi Party Padyatra Varanasi : वाराणसी में आम आदमी पार्टी की “रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा के पाँचवें दिन भारी जनसैलाब उमड़ा। ढोल–नगाड़ों के बीच सांसद संजय सिंह का भव्य स्वागत हुआ, मणिकर्णिका घाट ध्वस्तीकरण और बेरोज़गारी के खिलाफ़ भाजपा सरकार को चेतावनी दी गई।

Aam Aadmi Party Padyatra Varanasi : उत्तर प्रदेश में बेरोज़गारी, सामाजिक अन्याय और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) की “रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा मंगलवार को अपने पाँचवें दिन वाराणसी में ऐतिहासिक रूप लेती दिखी। मौर्या लॉन, जंसा चौराहा से शुरू हुई पदयात्रा में जनसमर्थन का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा इलाका ढोल–नगाड़ों, फूलों की वर्षा और गगनभेदी नारों से गूंज उठा। सांसद संजय सिंह का जगह–जगह भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं ने आरती उतारी, बुज़ुर्गों ने आशीर्वाद दिया और बच्चों ने तख्तियों व नारों के साथ पदयात्रा में शामिल होकर इसे एक भावनात्मक जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।
पदयात्रा में नौनिहालों की भागीदारी विशेष रूप से चर्चा में रही। बच्चों के साथ चलते हुए संजय सिंह ने उनके अधिकारों की बात उठाते हुए कहा, “बच्चों को खेल का मैदान दो, किताब और कलम दो, डर और नफरत नहीं।” उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की यह लड़ाई अब केवल बड़ों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चे, युवा और बुज़ुर्ग—सभी इसमें एकजुट हो चुके हैं। यही एकता बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।
जंसा से गोपालपुरा, कोरोता होते हुए पदयात्रा लहरतारा स्थित समृद्धि होटल बैंक्वेट एंड लॉन तक पहुँची। रास्ते में हर गली, हर चौराहे पर लोगों ने पदयात्रा का स्वागत किया। दुकानों से निकलते व्यापारी, घरों से आती महिलाएँ और स्कूल से लौटते बच्चे—हर वर्ग इस यात्रा का हिस्सा बनता दिखा। जनउत्साह यह साफ संदेश दे रहा था कि वाराणसी अब केवल देख नहीं रही, बल्कि बदलाव की लड़ाई में सीधे उतर चुकी है।

Aam Aadmi Party Padyatra Varanasi : इसी दिन पूरे उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने मणिकर्णिका घाट ध्वस्तीकरण, मंदिरों और मूर्तियों को नुकसान पहुँचाने तथा पौराणिक–सांस्कृतिक विरासत से छेड़छाड़ के विरोध में ज़ोरदार प्रदर्शन किया। संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश के हर ज़िले में आप कार्यकर्ताओं का सड़कों पर उतरना भाजपा सरकार के लिए साफ चेतावनी है।
उन्होंने दो टूक कहा, “आस्था, इतिहास और विरासत पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता इसका करारा जवाब देगी।” पदयात्रा के दौरान युवाओं ने पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोज़गारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संजय सिंह ने कहा कि मेहनती नौजवानों के सपनों से खिलवाड़ अब रोज़ की बात बन चुकी है। यह पदयात्रा उसी अन्याय के खिलाफ़ आवाज़ है और जब तक युवाओं को उनका हक़ नहीं मिलेगा, यह संघर्ष जारी रहेगा। संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि पदयात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, “सारनाथ अब महज़ 24 किलोमीटर दूर है। आइए, इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनिए और रोज़गार व सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को अपनी ताकत दीजिए।” पाँचवें दिन की पदयात्रा यह स्पष्ट संदेश देकर आगे बढ़ी कि वाराणसी से उठी यह आवाज़ अब पूरे प्रदेश में बदलाव की गूंज बन चुकी है।
Aam Aadmi Party Padyatra Varanasi : इस अवसर पर विधायक सुरेन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक/प्रदेश सह-प्रभारी दिलीप पांडेय, नि. प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, मीडिया कोऑर्डिनेटर सर्वेश मिश्रा, काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी, मुख्य प्रवक्ता वंशराज दूबे, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह, जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम पांडेय, एजाज अहमद, देवकांत वर्मा, दीपू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।