mumbai: टीवी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता राम कपूर और प्रोड्यूसर एकता कपूर के बीच बीते कुछ समय से तनाव की खबरें सामने आ रही थीं। यह विवाद तब उभरा जब राम कपूर ने एकता के शो बड़े अच्छे लगते हैं में फिल्माए गए इंटीमेट सीन्स को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिससे एकता नाराज़ हो गई थीं। जवाब में एकता कपूर ने राम के वेट लॉस को लेकर तंज कसते हुए उन्हें अनप्रोफेशनल तक कह दिया था।
हालांकि अब राम कपूर ने इस पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए एकता कपूर के प्रति सकारात्मक रुख अपना लिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा:
“वो जो चाहे कह सकती हैं लेकिन मैं एक शब्द भी नहीं कहूंगा, क्योंकि उन्होंने ही मुझे वो दिया था जो किसी और ने नहीं दिया। उन्होंने मुझ पर तब भरोसा किया जब किसी और ने नहीं किया था। इसके लिए मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा। उन्हें मेरे करियर के अंत तक मेरे बारे में कुछ भी बोलने का हक है।”
राम कपूर ने स्पष्ट किया कि भले ही कुछ टिप्पणियां या प्रतिक्रियाएं तीखी रही हों, लेकिन वह एकता कपूर के योगदान को कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि यह सब विवाद उनके और उनकी पत्नी गौतमी कपूर के लिए “मजाक का हिस्सा” था, और इसे तूल नहीं देना चाहिए।
राम कपूर की इस प्रतिक्रिया को उनके एक शांत और परिपक्व रवैये के तौर पर देखा जा रहा है, जो इंडस्ट्री में रिश्तों की अहमियत को दर्शाता है।