PM Modi Guwahati Visit : प्रधानमंत्री मोदी ने गुवाहाटी में 2020 के बोडो शांति समझौते को ऐतिहासिक बताया और कहा कि हजारों युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़ा। कांग्रेस पर विदेशी घुसपैठ और असम विरोधी राजनीति का आरोप लगाया।

PM Modi Guwahati Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (17 जनवरी) को असम के गुवाहाटी दौरे के दौरान 2020 के बोडो शांति समझौते (Bodo Peace Accord) को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस समझौते ने दशकों से चले आ रहे हिंसक संघर्ष को समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि आज हजारों युवा हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आए हैं और असम के विकास में भागीदार बन रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने कभी असम को अपना नहीं माना और यहां की संस्कृति, पहचान और विकास का विरोध करती रही है।

PM Modi Guwahati Visit : ‘जहां कभी गोलियों की आवाज थी, आज वहां संगीत गूंज रहा है’
पीएम मोदी ने भावुक अंदाज में कहा कि मैं यह सोचकर भावुक हो रहा हूं कि मेरा असम कितना आगे बढ़ रहा है। एक समय जहां आए दिन रक्तपात होता था, आज वहीं संस्कृति के अद्भुत रंग सज रहे हैं। जहां पहले गोलियों की गूंज सुनाई देती थी, आज वहां खाम और सिफुंग जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि पहले जहां कर्फ्यू का सन्नाटा होता था, आज वहां बागुरुम्बा जैसे पारंपरिक नृत्यों की भव्य प्रस्तुतियां हो रही हैं। यह बदलाव सिर्फ असम की नहीं, बल्कि पूरे भारत की उपलब्धि है।

PM Modi Guwahati Visit : 2020 का बोडो शांति समझौता बना मील का पत्थर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2020 के बोडो शांति समझौते ने वर्षों से चले आ रहे संघर्ष पर विराम लगाया। इस समझौते के बाद भरोसा लौटा और हजारों युवाओं ने हथियार छोड़कर शिक्षा, खेल और संस्कृति को अपनाया। उन्होंने बताया कि आज बोडो समाज के प्रतिभाशाली युवा असम के सांस्कृतिक दूत बन रहे हैं और खेल जगत में भी राज्य व देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
PM Modi Guwahati Visit : कांग्रेस पर तीखा हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब हम असम की कला, संस्कृति और पहचान का सम्मान करते हैं, तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है। असम का सम्मान किसे अच्छा नहीं लगता? कांग्रेस पार्टी को। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भूपेन हजारिका को भारत रत्न देने का विरोध किया। असम में सेमीकंडक्टर यूनिट का विरोध कांग्रेस शासित कर्नाटक सरकार के मंत्री ने किया। कांग्रेस के शासनकाल में विदेशी घुसपैठियों को संरक्षण मिला, जिससे असम की जमीनों पर अवैध कब्जे हुए। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को विदेशी घुसपैठिए इसलिए पसंद थे क्योंकि वे उनके वोट बैंक बन जाते थे।
PM Modi Guwahati Visit : ‘असम की प्रगति से भारत की ग्रोथ स्टोरी को मिल रही नई ताकत’
प्रधानमंत्री ने कहा कि असम आज तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हो रहा है। असम का आत्मविश्वास, सामर्थ्य और प्रगति भारत की ग्रोथ स्टोरी को नई शक्ति दे रही है। इस विकास में बोडोलैंड और यहां के लोगों की अहम भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में असम आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बनेगा।