Nishant Kumar JDU Joining : नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जदयू जॉइन कर सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया है। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और मिठाई खिलाई। जानिए क्या निशांत कुमार को बिहार में डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।

Nishant Kumar JDU Joining : JDU में शामिल होते ही नीतीश कुमार से मिले निशांत, पिता को खिलाई सोनपापड़ी, सामने आई पहली तस्वीर
Nishant Kumar JDU Joining : बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आखिरकार राजनीति में एंट्री कर ली है। रविवार (8 मार्च) को उन्होंने आधिकारिक तौर पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण की और इसके साथ ही सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया। पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद निशांत कुमार अपने पिता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन्हें सोनपापड़ी खिलाकर आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात की पहली तस्वीर भी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

Nishant Kumar JDU Joining : पार्टी मुख्यालय में हुई औपचारिक एंट्री
निशांत कुमार को पटना स्थित जदयू के पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन’, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत ने कहा कि उनका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है और वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जदयू को और सशक्त बनाने का काम करेंगे।

Nishant Kumar JDU Joining : पिता के राज्यसभा जाने पर क्या बोले निशांत
निशांत कुमार ने अपने पिता के राज्यसभा जाने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मेरे पिता ने राज्यसभा सदस्य बनने का फैसला लिया है, यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। हम सभी इसका सम्मान करते हैं और उनके मार्गदर्शन में काम करते रहेंगे।” उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उनका पूरा फोकस संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ काम करने पर रहेगा।
Nishant Kumar JDU Joining : जोरदार स्वागत, ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे कार्यकर्ता

जैसे ही निशांत कुमार जदयू कार्यालय पहुंचे, पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लहराते हुए और ढोल-नगाड़े बजाते हुए नजर आए। कई कार्यकर्ताओं ने इसे जदयू के लिए एक नई शुरुआत बताया और कहा कि निशांत कुमार के आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
Nishant Kumar JDU Joining : क्या निशांत कुमार बनेंगे बिहार के डिप्टी सीएम?
निशांत कुमार के राजनीति में आने के बाद बिहार की राजनीति में नई अटकलें शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि आने वाले समय में उन्हें बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) बनाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बनने वाली नई सरकार में निशांत कुमार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि अभी तक इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Nishant Kumar JDU Joining : विधान परिषद सदस्य बनाए जा सकते हैं निशांत
जदयू के नेताओं का कहना है कि जल्द ही निशांत कुमार को बिहार विधान परिषद (MLC) का सदस्य बनाया जा सकता है। हरनौत से जदयू विधायक हरि नारायण सिंह ने दावा किया है कि अगले महीने होने वाली प्रक्रिया में उन्हें विधान परिषद भेजा जा सकता है।
Nishant Kumar JDU Joining : इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं निशांत
निशांत कुमार ने इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है और अब तक राजनीति से दूर रहते थे। नीतीश कुमार भी लंबे समय तक परिवारवाद से दूरी बनाए रखने के लिए जाने जाते रहे हैं। लेकिन अब निशांत की एंट्री से यह साफ संकेत मिल रहा है कि जदयू में नई पीढ़ी को आगे लाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।