Murder In Chandauli UP : चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धरना गांव में सोमवार देर रात जिम संचालक और प्रॉपर्टी डीलर अरविंद यादव उर्फ बिंदू (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार आठ बदमाशों ने जिम के बाहर उन्हें निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी उनके घर भी पहुंचे थे। अरविंद के न मिलने पर वे जिम आए, जहां उन्होंने पिता को असलहा दिखाकर बाहर बुलवाया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आठ नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने बताया कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
घटना ऐसे दी गई अंजाम
सोमवार रात करीब 11:30 बजे अरविंद यादव अपने जिम में काम कर रहे थे। उसी दौरान चार बाइक पर सवार आठ बदमाश आए और अरविंद को नीचे बुलाने लगे। अरविंद के पिता रामचंद्र यादव जिम के निचले तल पर मौजूद थे। आरोपियों ने उनके सीने पर असलहा सटा दिया, जिससे डरकर अरविंद नीचे आए। तभी बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और पांच से छह गोलियां दाग दीं। एक गोली उनके सिर में लगने से वे मौके पर ही गिर पड़े। परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमलावरों ने की थार गाड़ी में तोड़फोड़
मृतक अरविंद की थार गाड़ी को भी हमलावरों ने निशाना बनाया। उस पर दो गोलियां चलाई गईं और पत्थर से तोड़फोड़ की गई। मौके से 315 बोर और अन्य प्रतिबंधित बोर के कुल 7-8 खोखे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया नामजद मुकदमा
मंगलवार को अरविंद के भाई की तहरीर पर मुगलसराय थाने में आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। इनमें शामिल हैं –
- श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू
- ब्रिजेश यादव
- काजू यादव
- राजू यादव
- बाबा यादव उर्फ रामअवध उर्फ घूरे
- पंकज यादव
- रोहित यादव
- ओमप्रकाश यादव
इसके अलावा दो से तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हत्या की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी सिंदो देवी, मां चिंरौजी देवी, बेटी अंशिका (14) और बेटा देवांश (8) सदमे में हैं। परिजनों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
व्यवसायी थे अरविंद यादव
अरविंद यादव न सिर्फ जिम संचालक थे बल्कि प्रॉपर्टी डीलिंग और कपड़े की दुकान का भी व्यवसाय करते थे। पीडीडीयू नगर के परमार कटरा में उनकी दुकान थी। इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।