Mahila Rojgar Yojana Bihar: 25 लाख महिलाओं को 10-10 हजार की आर्थिक सहायता

Mahila Rojgar Yojana Bihar : बिहार सरकार ने महिला रोजगार योजना (Mahila Rojgar Yojana Bihar) के तहत शुक्रवार (3 अक्टूबर 2025) को राज्य की 25 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेज दी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस योजना का लाभार्थियों को समर्पित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ी महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।

कुल एक करोड़ महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना की शुरुआत की थी और उस दिन 75 लाख महिलाओं को लाभ दिया गया था। आज 25 लाख और महिलाओं को राशि मिलने के बाद अब तक कुल 1 करोड़ महिलाओं को इस योजना का फायदा मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना का लाभ राज्य के हर परिवार की एक महिला को दिया जाएगा। अब शेष महिलाओं को भी 10-10 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सरकार ने तिथियां तय कर दी हैं। अगला वितरण 6 अक्टूबर 2025 को होगा और इसके बाद लगभग हर सप्ताह राशि बैंक खातों में भेजी जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि जिन महिलाओं का रोजगार चलेगा, उन्हें आगे चलकर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता राशि भी दी जाएगी।

नीतीश कुमार का विपक्ष पर हमला

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्ववर्ती लालू-राबड़ी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,
“आप सब जानते हैं कि हम लोगों के पहले जो सरकार थी, उन्होंने कोई काम नहीं किया। बहुत बुरा हाल था। जब हमारी सरकार आई, तब से ही हम बिहार के विकास में लगातार काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि आज बिहार में कानून का राज है और सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। सीएम ने अपनी सरकार की अन्य उपलब्धियों का भी जिक्र किया और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया।

बिहार सरकार की महिला रोजगार योजना (Mahila Rojgar Yojana Bihar) महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रही है। अब तक 1 करोड़ से अधिक महिलाओं को इस योजना का सीधा लाभ मिल चुका है और आने वाले हफ्तों में बाकी महिलाओं तक भी यह सुविधा पहुंचाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *