Karur Stampede : तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता और राजनीतिक नेता विजय (Vijay) की रैली में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। भीड़ बेकाबू होने से मची भगदड़ में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 9 बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
क्या था मामला
पुलिस के अनुसार, आयोजकों ने रैली के लिए लगभग 10,000 लोगों की अनुमति मांगी थी, लेकिन करीब 27,000 लोग कार्यक्रम में पहुंच गए।
रैली दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक चलनी थी, लेकिन भीड़ सुबह 11 बजे से ही इकट्ठा होने लगी।
विजय करीब 4.30 घंटे देर से, यानी शाम 7:40 बजे मंच पर पहुंचे।
इस दौरान भीड़ कई घंटों तक बिना पर्याप्त भोजन और पानी के इंतजार करती रही।
कैसे हुई भगदड़
जैसे ही विजय ने अपने अभियान वाहन से भाषण शुरू किया, अचानक भीड़ में अफरा-तफरी मच गई।
कई लोग बेहोश होकर गिरने लगे।
महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग कुचले गए।
विजय ने तुरंत भाषण रोक दिया और घायलों को पानी की बोतलें बांटीं। साथ ही पुलिस से मदद की अपील की।
पुलिस और सरकार का बयान
- पुलिस ने रैली में 500 से ज्यादा जवान तैनात किए थे, लेकिन भीड़ अप्रत्याशित रूप से अधिक थी।
- डीजीपी (इन-चार्ज) जी. वेंकटरमण ने कहा कि हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए वन-मैन कमीशन बनाया गया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर शोक जताया और मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की।
मरने वालों की सूची
मुख्यमंत्री ने बताया कि मृतकों में शामिल हैं:
13 पुरुष
17 महिलाएं
4 लड़के
5 लड़कियां
इसके अलावा 51 लोग ICU में भर्ती हैं, जिनमें 26 पुरुष और 25 महिलाएं शामिल हैं।
विजय का दुख
विजय ने सोशल मीडिया पर लिखा:
“मेरा दिल टूट गया है। मैं बेहद दुख और शोक में हूं। करूर में अपने भाइयों और बहनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”