Varanasi Dowry Harassment Case : वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहिता काजल राय ने दहेज उत्पीड़न से आहत होकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Varanasi Dowry Harassment Case : वाराणसी। वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित महादेवपुरम कॉलोनी (लोढ़ान) में 26 वर्षीय विवाहिता काजल राय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से बरामद सुसाइड नोट में लिखे शब्द— “मेरे मां-बाप ने मुझे बड़े लाड़-प्यार से पाला, लेकिन मुझे वह प्यार ससुराल में नहीं मिला… मैं अपने पापा की प्रिंसेस हूं”— ने परिजनों और पुलिसकर्मियों को भी भावुक कर दिया।
Varanasi Dowry Harassment Case : दहेज प्रताड़ना से आहत होकर उठाया खौफनाक कदम
मृतका की पहचान काजल राय के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दहेज की लगातार मांग, मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने मकान की तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
Varanasi Dowry Harassment Case : सुसाइड नोट में पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें काजल ने लिखा कि उसके पति के पास उसे देने के लिए “पांच मिनट का भी समय नहीं था”। उसने आरोप लगाया कि ससुराल के लोग उसे लगातार नजरअंदाज करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
Varanasi Dowry Harassment Case : शादी में 80 लाख खर्च, फिर भी कार की मांग
काजल की शादी 16 नवंबर 2024 को नितेश कुमार सिंह से हुई थी, जो एक बैंक में असिस्टेंट मैनेजर बताए जाते हैं। परिजनों के अनुसार, विवाह में लगभग 80 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। काजल ने 9 फरवरी को अपने पति नितेश कुमार सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया था। उसने 7 फरवरी को मारपीट कर घर से निकालने का भी आरोप लगाया था।

Varanasi Dowry Harassment Case : परिजनों का आरोप— मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न
काजल के पिता नीरज राय ने शिवपुर थाने में दहेज हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में पति नितेश कुमार सिंह, जेठ विवेक सिंह, अभिषेक सिंह, जेठानी प्रिया, सास कनक लता सिंह, ननद नीतू, अमित, देवर अनूप, नरेंद्र और प्रमिला को नामजद किया गया है। परिजनों का आरोप है कि जेठानी ने काजल को करंट लगाकर मारने की कोशिश की थी, जबकि दोनों जेठ उस पर गलत नजर रखते थे। काजल ने कई बार फोन पर अपने घरवालों से इन बातों की शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। उसकी कोई संतान नहीं थी।
Varanasi Dowry Harassment Case : अंदर से बंद मिला कमरा
काजल का मायका चंदौली जिले के सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास शिवगढ़ में है। वह तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। परिजनों के अनुसार, दोपहर से फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने पर वे घर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। शिवपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Varanasi Dowry Harassment Case : इलाके में शोक और आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह मामला एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा और वैवाहिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर करता है।