Ghaziabad Suicide Case : गाजियाबाद के भारत सिटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने ऑनलाइन गेमिंग और कोरियन कल्चर की लत के चलते आत्महत्या कर ली। पुलिस को 8 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। मामले की जांच जारी है।
Ghaziabad Suicide Case : गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)- ट्रांस हिंडन इलाके के थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। मृतक बच्चियों की पहचान 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है। तीनों ने बी-1 टावर की नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चियों को तत्काल लोनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Ghaziabad Suicide Case : 8 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद, पिता से मांगी माफी

पुलिस को मौके से एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें 8 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है। सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने अपने पिता से माफी मांगते हुए लिखा है—“पापा, आई एम सॉरी…” नोट में ऑनलाइन गेमिंग और मोबाइल गतिविधियों का जिक्र है। बच्चियों ने लिखा है कि उन्हें गेम से बेहद लगाव है और वे इसे छोड़ नहीं सकतीं। सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि वे एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकती थीं और हर काम साथ करती थीं।
Ghaziabad Suicide Case : ऑनलाइन गेमिंग और कोरियन कल्चर का गहरा असर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं और कोरियन कल्चर से भी गहराई से प्रभावित थीं। परिजनों के अनुसार, तीनों बहनें पिछले करीब दो साल से स्कूल नहीं जा रही थीं और अधिकतर समय मोबाइल पर गेम खेलने में बिताती थीं। परिवार द्वारा मोबाइल इस्तेमाल पर रोक लगाए जाने के बाद बच्चियों के व्यवहार में बदलाव आया था। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Ghaziabad Suicide Case : पिता का दर्द छलका, माता-पिता से की अपील
मृतक बच्चियों के पिता ने बताया कि उनकी बेटियों ने उनसे कहा था कि “पापा, हम कोरियन नहीं छोड़ सकते। कोरियन हमारी ज़िंदगी है। अगर आप हमें इससे अलग करेंगे तो हम अपनी जान दे देंगे।” उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट पढ़ने के बाद वे पूरी तरह टूट चुके हैं और सभी माता-पिता से अपील की कि बच्चों के मोबाइल और गेमिंग आदतों पर समय रहते नजर रखें।
Ghaziabad Suicide Case : पुलिस क्या कह रही है?

SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 2:15 बजे सूचना मिली थी कि तीन बच्चियां बालकनी से कूद गई हैं। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। वहीं डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिश पाटिल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में कोरियन कल्चर से प्रभावित होने की बात सामने आई है, लेकिन फिलहाल किसी ऑनलाइन टास्क या गेम चैलेंज से जुड़ा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। जांच जारी है।
Ghaziabad Suicide Case : RWA का बयान
भारत सिटी सोसायटी की RWA के सदस्य राहुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी में ऑनलाइन गेमिंग की लत को ही आत्महत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Ghaziabad Suicide Case : बढ़ता खतरा- बच्चों में डिजिटल एडिक्शन
यह घटना एक बार फिर बच्चों में बढ़ती डिजिटल एडिक्शन, ऑनलाइन गेमिंग और विदेशी कल्चर के अत्यधिक प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, सोशल इंटरैक्शन और स्क्रीन टाइम पर माता-पिता को सतर्क रहने की जरूरत है।