DM Gram Chaupal Varanasi : वाराणसी के नागेपुर ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जनता से सीधा संवाद किया। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, किसानों व पेंशनधारकों की समस्याओं के समाधान और मतदाता सूची जांचने की अपील की।
DM Gram Chaupal Varanasi : वाराणसी के आराजी लाइन विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नागेपुर में मंगलवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखना और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना रहा। ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने कई योजनाओं का लाभ मिलने की बात कही, वहीं कुछ योजनाओं में आ रही समस्याओं को भी सामने रखा। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाए।

DM Gram Chaupal Varanasi : आयुष्मान भारत योजना पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सके। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर ही पात्र लोगों का सत्यापन कर योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
DM Gram Chaupal Varanasi : किसानों और पेंशनधारकों की समस्याओं का समाधान
चौपाल के दौरान किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि से जुड़ी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन से संबंधित समस्याओं को मौके पर ही हल करने के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

DM Gram Chaupal Varanasi : महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
जिलाधिकारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही आर्थिक सहायता और कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
DM Gram Chaupal Varanasi : मतदाता सूची जांचने की अपील
ग्राम चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों को लेकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर कार्यों की समय-सीमा एक माह के लिए बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो दावा या आपत्ति दर्ज कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नागरिक फार्म-6 भरकर बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन वेबसाइट voters.eci.gov.in पर आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
DM Gram Chaupal Varanasi : ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीसी मनरेगा पवन कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।