Dalmandi Varanasi Demolition : वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के तहत 25 भवनों को तोड़ने की कार्रवाई तेज हो गई है। 200 मजदूर मलबा हटाने में जुटे हैं, भारी पुलिस बल तैनात है और व्यापारियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
Dalmandi Varanasi Demolition : वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत प्रशासन ने ध्वस्तीकरण अभियान को तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को प्रशासन की ओर से क्षेत्र में लाउड हेलर के माध्यम से मुनादी कराई गई, जिसमें चिह्नित भवनों को तोड़े जाने की सूचना दी गई। इससे एक दिन पहले शुरू हुई 25 भवनों को गिराने की कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए अब मलबा हटाने का काम भी तेज़ी से किया जा रहा है।
Dalmandi Varanasi Demolition : 200 मजदूर तैनात, मलबा हटाने का काम जारी

लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से करीब 200 मजदूरों को लगाया गया है, जो पुराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों का मलबा हटाने में जुटे हैं। प्रशासन का कहना है कि मलबा पूरी तरह हटने के बाद सड़क के दोनों ओर वास्तविक चौड़ाई का आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तय होगी।
Dalmandi Varanasi Demolition : पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
ध्वस्तीकरण के दौरान दालमंडी क्षेत्र पूरी तरह छावनी में तब्दील रहा। भारी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई थी। जिन भवनों पर कार्रवाई चल रही थी, उनके आसपास बैरकेडिंग कर दी गई। सुबह जैसे ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, दुकानों को बंद कराया गया, इसके बाद पीडब्ल्यूडी के मजदूरों ने ताबड़तोड़ हथौड़ा एक्शन शुरू कर दिया।

Dalmandi Varanasi Demolition : एक दिन में 8 भवन ढहाए गए
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि बीते बुधवार को दालमंडी की सबसे ऊंची इमारत सहित एक दिन में 8 भवनों पर कार्रवाई की गई। पहले 11, फिर 6 और अब 8 भवनों को मिलाकर कुल 25 भवनों को तोड़ा जा चुका है। पूरे अभियान पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Dalmandi Varanasi Demolition : व्यापारियों का साइलेंट विरोध, मिली-जुली प्रतिक्रिया
ध्वस्तीकरण को लेकर स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। वहीं कई व्यापारी वैकल्पिक व्यवस्था और उचित मुआवजे की मांग को लेकर साइलेंट विरोध जता रहे हैं।
Dalmandi Varanasi Demolition : प्रशासन का दावा- सहमति से हो रही कार्रवाई

एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने स्पष्ट किया कि दालमंडी चौड़ीकरण योजना में प्रभावित लोग स्वेच्छा से चौक थाने के कैंप ऑफिस पहुंचकर रजिस्ट्री करा रहे हैं। हर कार्रवाई संबंधित भवन स्वामियों की सहमति से की जा रही है। अब तक 25 मकानों की रजिस्ट्री हो चुकी है और मुआवजा वितरित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 21 जनवरी को उन 8 मकानों का ध्वस्तीकरण शुरू कराया गया, जिनका मुआवजा पहले ही दिया जा चुका था।
Dalmandi Varanasi Demolition : सबसे ऊंची बिल्डिंग गिरते ही मचा हड़कंप
ध्वस्तीकरण की जद में आए भवनों में दालमंडी की सबसे ऊंची और बड़ी बिल्डिंग भी शामिल रही। जैसे ही उसे गिराने की कार्रवाई शुरू हुई, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार लाउड हेलर से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे।