DA Hike 2025 : त्योहारों से पहले मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (Dearness Allowance – DA) और महंगाई राहत (Dearness Relief – DR) में 3% की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी।
इस फैसले से करीब 49.2 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.7 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा होगा। संशोधन के बाद महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% हो गया है।
सरकार की ओर से साल में दो बार—जनवरी और जुलाई में—DA में संशोधन किया जाता है। यह इस साल का दूसरा संशोधन है और माना जा रहा है कि यह 7वें वेतन आयोग के तहत अंतिम बढ़ोतरी हो सकती है।
अक्टूबर वेतन के साथ मिलेगा बकाया
केंद्रीय कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर का बकाया अक्टूबर महीने के वेतन के साथ दिवाली से पहले दिया जाएगा। इसका मतलब है कि कर्मचारियों और पेंशनर्स की जेब में त्योहारों से पहले मोटी रकम जाएगी।
57 नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी
कैबिनेट की बैठक में शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा बड़ा फैसला भी लिया गया है। सरकार ने 17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 57 नए केंद्रीय विद्यालय (KV) खोलने की मंजूरी दी है।
इनमें 20 KV ऐसे जिलों में होंगे जहां अभी तक कोई केंद्रीय विद्यालय नहीं है।
14 KV आकांक्षी जिलों में,
4 KV वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों में,
और 5 KV पूर्वोत्तर और पहाड़ी क्षेत्रों में खोले जाएंगे।
रबी फसलों का MSP बढ़ा
किसानों के लिए भी अच्छी खबर आई है। सरकार ने रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने का निर्णय लिया है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि रबी सीजन 2026-27 के दौरान अनुमानित खरीद 297 लाख मीट्रिक टन रहने की संभावना है। प्रस्तावित MSP पर किसानों को लगभग ₹84,263 करोड़ का भुगतान किया जाएगा।
त्योहारों से पहले मोदी सरकार ने एक साथ कर्मचारियों, पेंशनर्स, किसानों और छात्रों के लिए बड़े फैसले लिए हैं। जहां DA Hike 2025 से सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा, वहीं किसानों के लिए MSP में बढ़ोतरी और शिक्षा क्षेत्र में 57 नए KV की मंजूरी दी गई है।