Bihar Election 2025 Bhojpuri Stars : पवन सिंह, अक्षरा सिंह, मैथिली ठाकुर, खेसारी लाल यादव, रितेश पांडे और राधेश्याम रसिया जैसे भोजपुरी स्टार्स की एंट्री से बिहार चुनाव का माहौल गर्म हो गया है। जानें कौन किस पार्टी से लड़ रहा है चुनाव।
Bihar Election 2025 Bhojpuri Stars : बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बार सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि भोजपुरी सिनेमा के सितारे भी चुनावी रण में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। पवन सिंह, अक्षरा सिंह, मैथिली ठाकुर, खेसारी लाल यादव, रितेश पांडे और राधेश्याम रसिया जैसे बड़े नाम राजनीति में कदम रखने की चर्चा में हैं। आइए जानते हैं कौन किस पार्टी से चुनाव लड़ सकता है और किस सीट से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है।
- पवन सिंह — आरा से बीजेपी के टिकट पर मैदान में
भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह ने हाल ही में फिर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। पवन सिंह पहले भी बीजेपी से जुड़े रह चुके हैं, लेकिन अब करीब 16 महीने बाद उनकी वापसी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, पवन सिंह को आरा सीट से टिकट मिलने की पूरी संभावना है। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि स्टार पावर का फायदा पार्टी को पश्चिमी बिहार में मिल सकता है।
- अक्षरा सिंह — गिरीराज सिंह से मुलाकात के बाद अटकलें तेज
भोजपुरी एक्ट्रेस और सिंगर अक्षरा सिंह ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा –
“आज माननीय गिरिराज सिंह जी से शिष्टाचार मुलाकात हुई और उनका आशीर्वाद लिया।”
इस मुलाकात के बाद अक्षरा सिंह के BJP में शामिल होने और चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें पटना या नालंदा क्षेत्र से मौका दे सकती है।
- मैथिली ठाकुर — बेनीपट्टी या अलीनगर से उतर सकती हैं मैदान में
लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने हाल ही में बीजेपी नेताओं नित्यानंद राय और विनोद तावड़ से मुलाकात की थी।
मैथिली ने मीडिया से कहा कि अगर उन्हें मौका मिला तो वो अपने गांव बेनीपट्टी (दरभंगा) से चुनाव लड़ना पसंद करेंगी।
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी उन्हें अलीनगर सीट से उतारने पर विचार कर रही है।
- खेसारी लाल यादव — आरजेडी से उतर सकते हैं मैदान में
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के भी राजनीति में उतरने की चर्चा है। कुछ समय पहले ही उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। अब कहा जा रहा है कि वे राजद (RJD) के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
अगर ऐसा होता है, तो बीजेपी और RJD के बीच भोजपुरी मतदाताओं पर बड़ा असर देखने को मिलेगा।
- रितेश पांडे — प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में शामिल
भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडे पहले ही अपनी सियासी पारी शुरू कर चुके हैं। उन्होंने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज का दामन थामा है और चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
रितेश का कहना है कि वो बिहार की नई सोच और साफ राजनीति के लिए मैदान में उतर रहे हैं।
- राधेश्याम रसिया — पश्चिमी चंपारण से लड़ने की तैयारी
भोजपुरी सिंगर राधेश्याम रसिया भी इस बार चुनावी मैदान में उतरने वाले हैं। पिछले साल वे पश्चिमी चंपारण से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन बात नहीं बन पाई। अब उन्होंने साफ कहा है कि वे हर हाल में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
हालांकि उन्होंने अभी तक अपनी पार्टी का नाम स्पष्ट नहीं किया है।
बिहार चुनाव 2025 में इस बार सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच नहीं, बल्कि भोजपुरी स्टार्स के बीच भी मुकाबला दिलचस्प होगा।
इन सितारों की एंट्री से राजनीतिक पार्टियों को वोट बैंक में बड़ा फायदा मिल सकता है — खासकर उन इलाकों में, जहां भोजपुरी सिनेमा का जबरदस्त प्रभाव है।