BHU Clash : BHU में बवाल- दो हॉस्टलों के छात्रों में पत्थरबाजी, ड्रोन से निगरानी, एक छात्र घायल

BHU Clash : BHU में रुइया और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच बवाल, पत्थरबाजी में एक छात्र घायल। भारी पुलिस फोर्स तैनात, ड्रोन से हॉस्टलों की निगरानी और कमरों की तलाशी जारी।

BHU Clash : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के परिसर में गुरुवार (29 जनवरी 2026) को उस समय तनाव फैल गया, जब दो छात्र गुटों के बीच जमकर बवाल और पत्थरबाजी हो गई। रुइया हॉस्टल और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच हुए इस संघर्ष में एक छात्र के घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ते देख विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

BHU Clash : जन्माष्टमी की पुरानी कहासुनी बनी विवाद की वजह

काशी जोन के पुलिस उपायुक्त (DCP) गौरव बंसवाल ने बताया कि रुइया हॉस्टल और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच जन्माष्टमी के दौरान हुई कहासुनी को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था। गुरुवार को वही विवाद फिर से उग्र हो गया और देखते ही देखते दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि छात्रों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

BHU Clash : भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और विश्वविद्यालय का प्रॉक्टोरियल बोर्ड तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पीएसी, आरआरएफ और चार थानों की फोर्स तैनात कर दी है। काशी जोन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

BHU Clash : एक छात्र घायल, ट्रॉमा सेंटर भेजा गया

पुलिस के अनुसार, झड़प के दौरान एक छात्र घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। घायल छात्र की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

BHU Clash : ड्रोन से हॉस्टल की छतों की निगरानी

डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि घायल छात्र ने कुछ ऐसे लोगों के नाम बताए हैं, जो BHU के पूर्व छात्र हैं और अनाधिकृत रूप से हॉस्टल में रह रहे हैं। इन्हीं संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए ड्रोन के जरिए हॉस्टलों की छतों और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है।

BHU Clash : एक-एक कमरे की तलाशी, अवैध छात्रों पर कार्रवाई

पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम द्वारा हॉस्टलों में एक-एक कमरे की तलाशी ली जा रही है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी अनाधिकृत छात्र पाया जाता है, तो उसे तुरंत परिसर से बाहर निकाला जाएगा और संबंधित कमरे को सील किया जाएगा।

BHU Clash : BHU परिसर में शांति बनाए रखने की अपील

विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *