America Winter Storm : अमेरिका में भीषण विंटर स्टॉर्म का कहर, 14 करोड़ लोग प्रभावित, 13 हजार उड़ानें रद्द

America Winter Storm : अमेरिका में भीषण विंटर स्टॉर्म से जनजीवन ठप हो गया है। 14 करोड़ लोग प्रभावित, 13 हजार उड़ानें रद्द, कई राज्यों में आपातकाल घोषित।

America Winter Storm : अमेरिका में भीषण विंटर स्टॉर्म ने शनिवार (24 जनवरी) को व्यापक तबाही मचा दी है। भारी बर्फबारी, जमा देने वाली बारिश और तेज़ हवाओं के चलते कई राज्यों में बिजली आपूर्ति ठप, सड़कें जाम और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात इतने गंभीर हैं कि देशभर में लगभग 13,000 उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।

राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के अनुसार, न्यू मैक्सिको से लेकर न्यू इंग्लैंड तक अमेरिका की 40 प्रतिशत से अधिक आबादी, यानी लगभग 14 करोड़ लोग, शीतकालीन तूफान की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने शनिवार से सोमवार तक दक्षिणी रॉकी पर्वतमाला से लेकर न्यू इंग्लैंड तक भारी हिमपात, ओले और फ्रीज़िंग रेन की चेतावनी जारी की है। राष्ट्रीय मौसम सेवा की मौसम विज्ञानी एलिसन सैंटोरली ने बताया कि बर्फ धीरे-धीरे पिघलेगी, जिससे राहत और बचाव कार्यों में काफी परेशानी आ सकती है। उन्होंने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।

America Winter Storm : डोनाल्ड ट्रंप ने 12 राज्यों में आपातकाल को दी मंजूरी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार तक 12 राज्यों में आपातकाल घोषित करने की मंजूरी दे दी है। आने वाले दिनों में और राज्यों में भी आपातकाल लागू किए जाने की संभावना है। गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने बताया कि संघीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (FEMA) ने कई प्रभावित राज्यों में आवश्यक राहत सामग्री, अतिरिक्त स्टाफ और खोज एवं बचाव दल तैनात कर दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि बेहद जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।

America Winter Storm : 1.20 लाख से ज्यादा बिजली कटौती, टेक्सास और लुइसियाना सबसे ज्यादा प्रभावित

वेबसाइट poweroutage.us के अनुसार, विंटर स्टॉर्म के कारण शनिवार को अमेरिका में करीब 1,20,000 बिजली कटौती की सूचना मिली। इनमें से टेक्सास और लुइसियाना में लगभग 50-50 हजार उपभोक्ता अंधेरे में डूबे रहे। लुइसियाना सीमा से सटे टेक्सास के शेल्बी काउंटी में बर्फ के अत्यधिक भार से चीड़ के पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। काउंटी के करीब 16,000 निवासियों में से एक तिहाई लोगों को बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी।

America Winter Storm : हवाई यातायात ठप, ओक्लाहोमा सिटी एयरपोर्ट पूरी तरह बंद

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के अनुसार, शनिवार और रविवार को पूरे अमेरिका में लगभग 13,000 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। ओक्लाहोमा सिटी के विल रोजर्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार की सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं, वहीं रविवार सुबह की उड़ानें भी संचालित नहीं हो सकीं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

America Winter Storm : स्थिति अभी भी गंभीर

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अलर्ट पर नजर रखें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *