नई दिल्ली। Unnao Rape Case के दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली जमानत के विरोध में रविवार को जंतर-मंतर पर ज़ोरदार प्रदर्शन हुआ। बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि यहां एकत्र होकर कोर्ट के आदेश का विरोध दर्ज करा रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब सेंगर के समर्थन में एक महिला “I Support Kuldeep Sengar” लिखा बैनर लेकर मौके पर पहुंची। इसके बाद पीड़िता के समर्थन में खड़े लोगों और उस महिला के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर नारेबाज़ी और बहस का दौर चलता रहा।
सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने आरोप लगाया कि बलात्कार जैसे संवेदनशील अपराध पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अधिकतर अपराध पुरुषों द्वारा किए जाते हैं, ऐसे में दोषी के लिए समर्थन जताना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस बीच प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सेंगर की जमानत रद्द करने की मांग दोहराई। पीड़िता ने कहा कि उसे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है और न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। उसने कहा कि दोषी को किसी भी तरह की राहत नहीं मिलनी चाहिए।
जंतर-मंतर पर स्थिति तनावपूर्ण रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात नियंत्रित कर लिए गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि वे न्याय सुनिश्चित होने तक विरोध जारी रखेंगे।