BJP Yuva Morcha Bike Yatra : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को काशी से भाजयुमो की सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुरू होगी। 20 दिन में करीब 2000 किमी की यात्रा के बाद 7 अक्टूबर को वडनगर में समापन होगा।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से काशी से गुजरात के वडनगर तक विशाल ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी। करीब 20 दिन तक चलने वाली यह यात्रा 17 सितंबर को काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से जलाभिषेक के बाद शुरू होगी और 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर में इसका समापन होगा।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : यात्रा को लेकर शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में भाजयुमो की प्रदेश कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में यात्रा की तैयारियों, रूट, सेवा गतिविधियों और जनसंवाद कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : 10 राज्यों से गुजरेंगे युवा बाइकर्स
कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मोदी के जन्मस्थान वडनगर और कर्मभूमि काशी से बाइक यात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कुल 20 बाइक यात्राओं में 10 यात्राएं वडनगर से और 10 यात्राएं काशी से शुरू होंगी। प्रत्येक टोली में 25 बाइक सवार होंगे और प्रत्येक बाइक पर दो लोग सवार रहेंगे। यात्रा के दौरान युवा प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सेवा, संवाद और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : 10 नदियों के जल से होगा काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर काशी विश्वनाथ मंदिर में 10 नदियों के जल से जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को रवाना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल बाइक रैली नहीं होगी, बल्कि सेवा, जनसंवाद और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : हर दिन पौधरोपण और सेवा गतिविधियां
सांसद वीडी शर्मा के अनुसार यात्रा के दौरान हर दिन की शुरुआत पौधरोपण से होगी। 25 यात्रियों की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत और कुपोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। यात्रा गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी, जहां स्थानीय नागरिकों से संवाद किया जाएगा। सरकार की विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों के बारे में जानकारी ली जाएगी। साथ ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर भी नागरिकों से चर्चा की जाएगी।
यूपी के 46 जिलों से गुजरेगी यात्रा
सांसद वीडी शर्मा ने बताया कि यात्रा उत्तर प्रदेश के 46 जिलों, मध्य प्रदेश के 55 जिलों और राजस्थान के सभी 42 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान युवाओं की टोली तिरंगे के साथ देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक शासन का भी होगा उल्लेख
वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक शासन के 25 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक शासन के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश के विकास, शासन व्यवस्था और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : हर जिले में होंगे तीन-चार कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि बाइक यात्रा का पूरा आयोजन और संयोजन भाजयुमो की ओर से किया जाएगा। प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले में तीन से चार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि किसी जिले में बाइक टोली के पहुंचने पर सबसे पहले स्वागत कार्यक्रम होगा। इसके बाद एलईडी स्क्रीन के माध्यम से करीब 15 मिनट की फिल्म दिखाई जाएगी और यात्रा के उद्देश्य की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद स्थानीय योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता से संवाद किया जाएगा।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : लाभार्थियों से लिया जाएगा योजनाओं का फीडबैक
जेपीएस राठौर के अनुसार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया जाएगा। लाभार्थी बताएंगे कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में क्या बदलाव आया। इसके साथ ही नागरिकों से सुझाव भी लिए जाएंगे कि सरकार किस तरह अपनी योजनाओं और सेवाओं को और प्रभावी बना सकती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से सांसद हैं और उनके नेतृत्व में काशी के विकास और कायाकल्प को नई दिशा मिली है। काशी विश्वनाथ धाम को उन्होंने इसका प्रमुख उदाहरण बताया। यात्रा के दौरान काशी के विकास की कहानी को दूसरे जिलों और राज्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : ‘इतनी बड़ी बाइक यात्रा पहले कभी नहीं बनी’
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित इस बाइक यात्रा को सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ने की बात कही।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा कि युवा मोर्चा के इतिहास में इतनी बड़ी बाइक यात्रा की योजना पहले कभी नहीं बनी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने स्वागत भाषण एवं विषय प्रस्तावना रखी। उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा।
BJP Yuva Morcha Bike Yatra : कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष शिवावीर भदौरिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजयुमो क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र मोर्या ने किया। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, विशाल त्रिवेदी, शैलेंद्र मोर्या, नवरतन राठी, अनूप जायसवाल, अनिल श्रीवास्तव, संतोष सोलापुरकर, देवेंद्र मौर्या, रजत जायसवाल, अमन सोनकर और आशुतोष पाल समेत प्रदेश के 46 जिलों के संयोजक एवं सह संयोजक मौजूद रहे।