Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : संत गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर 29 जुलाई से सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संत गुरु निरंजन दास महाराज की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत होगी।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : वाराणसी। संत शिरोमणि सद्गुरु श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का भव्य शुभारंभ 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) को संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से होगा। अभियान 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा एवं संत रविदास जयंती) तक विभिन्न चरणों में संचालित किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य और उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : मुख्यमंत्री योगी, नितिन नवीन और संत गुरु निरंजन दास महाराज की रहेगी उपस्थिति
लाल सिंह आर्य ने बताया कि अभियान के शुभारंभ समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा डेरा सच्चखंड बल्ला, जालंधर के प्रमुख एवं संत रविदास जन्मस्थली के प्रमुख संत श्री गुरु निरंजन दास महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर देशभर से आए संत, सामाजिक प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश देगा अभियान
लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के संत हैं। उन्होंने अपने जीवन और विचारों से समानता, सेवा, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका ‘बेगमपुरा’ का आदर्श समाज आज भी सामाजिक न्याय और समान अवसरों की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना और विकसित भारत के निर्माण में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प का मूल भाव भी संत रविदास के विचारों से प्रेरित है।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : पांच चरणों में चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि अभियान को पांच प्रमुख चरणों में संचालित किया जाएगा।
29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान’ राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक चलेगा।
29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संत संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा।
5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ जालंधर से काशी तक निकाली जाएगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी।
26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान संचालित किया जाएगा।
अभियान के समापन तक विभिन्न राज्यों और जिलों में सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : 28 जुलाई को 131 कलशों के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि अभियान के शुभारंभ से पहले 28 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर पावन माटी का संग्रह और माटी पूजन किया जाएगा। इसके बाद श्री गुरु रविदास स्मारक स्थल से जन्मस्थली मंदिर तक 131 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। देश के विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से कलश लेकर आई टोलियां इस आयोजन में भाग लेंगी। जन्मस्थली मंदिर में सभी कलशों का वैदिक विधि-विधान से पूजन किया जाएगा।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : 29 जुलाई को होगा अभियान का औपचारिक शुभारंभ
असीम अरुण ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के दिन संत-महात्माओं और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में पावन मिट्टी से भरे कलशों का पूजन किया जाएगा। इसके बाद इन कलशों को विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा जाएगा, जिससे पूरे देश में समरसता का संदेश पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अतिथि सबसे पहले संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और उसके बाद स्मारक स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : 11 हजार दीपों से रोशन होगा रविदास घाट
अभियान के अंतर्गत ‘गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान’ भी चलाया जाएगा। इसके तहत रविदास घाट पर 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। साथ ही श्री गुरु रविदास स्मारक स्थल पर भी दीपोत्सव आयोजित होगा। गुरु पूर्णिमा के दिन देशभर के संत रविदास मंदिरों और भाजपा के मंडल स्तर तक दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : जिला से राष्ट्रीय स्तर तक हुई तैयारियां
लाल सिंह आर्य ने बताया कि अभियान की तैयारियों के तहत 19 जुलाई को नई दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसके बाद 20 से 23 जुलाई तक प्रदेश स्तरीय और 25 से 27 जुलाई तक जिला स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित कर अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
Guru Ravidas Samrasta Sankalp Abhiyan 2026 : पत्रकार वार्ता का संचालन भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने किया। इस अवसर पर काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधायक टी. राम, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।