MGKVP 48th Convocation 2026 : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह से पहले कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने भूमि पूजन किया और रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में पूर्वाभ्यास कराया। 28 जुलाई को आयोजित समारोह में 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां, 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक तथा वाई. श्रीधर राव को मानद डी.लिट. प्रदान की जाएगी।
MGKVP 48th Convocation 2026 : 28 जुलाई को होगा 48वां दीक्षांत समारोह, 63,183 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियां, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता
MGKVP 48th Convocation 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 28 जुलाई को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह से एक दिन पूर्व सोमवार को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने गांधी अध्ययन पीठ सभागार में विधि-विधान से भूमि पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में समारोह का विस्तृत पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कराया गया, जिसमें दीक्षांत समारोह की सभी औपचारिकताओं का अभ्यास किया गया।
पूर्वाभ्यास के दौरान सबसे पहले शिष्ट मंडल यात्रा निकाली गई। इसके बाद विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्षों एवं संस्थानों के निदेशकों ने अपने-अपने संकायों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पी-एच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच संचालन और उपाधि ग्रहण की प्रक्रिया का अभ्यास कराया।
MGKVP 48th Convocation 2026 : पूर्वाभ्यास में प्रतीकात्मक रूप से 26 विद्यार्थियों एवं दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक प्रदान करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। इनमें स्नातक वर्ग के 8 विद्यार्थी (सभी छात्राएं, जिनमें पांच विश्वविद्यालय एवं तीन संबद्ध महाविद्यालयों की), स्नातकोत्तर वर्ग के 16 विद्यार्थी (11 छात्राएं एवं 5 छात्र) तथा दो उत्कृष्ट खिलाड़ी शामिल रहे।
MGKVP 48th Convocation 2026 : 17 विद्यार्थियों को मिलेंगे दो-दो स्वर्ण पदक
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 48वें दीक्षांत समारोह में कुल 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय के 49 पाठ्यक्रमों में कुल 56 विद्यार्थियों ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर अपने-अपने पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान हासिल किया है। इनमें 43 छात्राएं और 13 छात्र शामिल हैं।
MGKVP 48th Convocation 2026 : 63,183 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
दीक्षांत समारोह में कुल 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें—
स्नातक: 49,659 विद्यार्थी (18,708 छात्र एवं 30,951 छात्राएं)
स्नातकोत्तर: 13,401 विद्यार्थी (3,421 छात्र एवं 9,980 छात्राएं)
पी-एच.डी.: 123 शोधार्थी (54 छात्र एवं 69 छात्राएं)
कुल मिलाकर 22,183 छात्र एवं 41,000 छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
MGKVP 48th Convocation 2026 : वाई. श्रीधर राव को मिलेगा मानद डी.लिट.
दीक्षांत समारोह में तेलंगाना स्थित श्री देवी हैंडलूम के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा एवं उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्वविद्यालय की ओर से मानद डी.लिट. (Doctor of Literature) की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
MGKVP 48th Convocation 2026 : राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता, ये होंगे मुख्य अतिथि
48वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह के मुख्य अतिथि कैप्टन बी.के. त्यागी, सीएमडी, शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, मुंबई होंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि तथा उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगी।
MGKVP 48th Convocation 2026 : सोशल मीडिया पर होगा लाइव प्रसारण
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा, जिससे दूर-दराज के विद्यार्थी एवं अभिभावक भी समारोह का हिस्सा बन सकेंगे।
MGKVP 48th Convocation 2026 : आमंत्रण पत्र साथ लाना अनिवार्य
कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने सभी आमंत्रित अतिथियों, पदक प्राप्तकर्ताओं एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि दीक्षांत स्थल पर किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी अपने साथ दीक्षांत आमंत्रण पत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं तथा निर्धारित समय से पूर्व स्थल पर पहुंचें।