MGKVP BA Admission 2026 : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीए काउंसिलिंग के तीसरे दिन 208 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। 18 जुलाई तक काउंसिलिंग जारी रहेगी। साथ ही बीएससी, बीएफए, बीम्यूज की काउंसिलिंग और स्नातक द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा का पूरा कार्यक्रम जानें।

MGKVP BA Admission 2026 : काशी विद्यापीठ में बीए काउंसिलिंग के तीसरे दिन 208 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश, 18 जुलाई तक चलेगी प्रक्रिया; बीएससी, बीम्यूज समेत चार पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग 18 जुलाई को
MGKVP BA Admission 2026 : वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (एमजीकेवीपी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रवेश की प्रक्रिया तेजी से जारी है। बी.ए. काउंसिलिंग के तीसरे दिन बुधवार को 208 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया, जिसके साथ अब तक बी.ए. पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या 580 हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बी.ए. काउंसिलिंग 18 जुलाई तक चलेगी। वहीं, बी.एस-सी. (गणित), बी.एस-सी. (बायो), बी.म्यूज. और बी.एफ.ए. पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग भी 18 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
MGKVP BA Admission 2026 : तीसरे दिन 208 छात्रों का हुआ प्रवेश
प्रवेश सेल के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि काउंसिलिंग के तीसरे दिन 208 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक प्रवेश लिया। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन शुल्क जमा कराने के उपरांत परिचय पत्र (आईडी कार्ड) एवं लाइब्रेरी कार्ड काउंसिलिंग स्थल पर ही उपलब्ध करा दिए गए। उन्होंने बताया कि काउंसिलिंग के दौरान इंडियन बैंक की ओर से विद्यार्थियों के लिए खाता खोलने और बैंकिंग जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया, जिससे छात्रों को बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी गई।
MGKVP BA Admission 2026 : 16 जुलाई को बुलाए गए अभ्यर्थी इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें
विश्वविद्यालय ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को 16 जुलाई की काउंसिलिंग के लिए ई-मेल के माध्यम से लिंक भेजा गया है, वे निर्धारित समय पर निम्न दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों—
गेट पास
सभी मूल प्रमाण पत्र
सभी प्रमाण पत्रों की एक-एक फोटो कॉपी
दो पासपोर्ट साइज फोटो
श्रेणी (कैटेगरी) का अद्यतन प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
सभी अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 10:30 बजे वाणिज्य एवं प्रबंध शास्त्र संकाय में रिपोर्ट करना होगा।
MGKVP BA Admission 2026 : उसी दिन ऑनलाइन फीस जमा करना अनिवार्य
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काउंसिलिंग के बाद अभ्यर्थियों को उसी दिन ऑनलाइन माध्यम (Paytm, Google Pay, UPI, Debit Card आदि) से निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में शुल्क जमा नहीं करने पर अभ्यर्थन स्वतः निरस्त माना जाएगा और दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश से संबंधित सभी नवीनतम सूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।
MGKVP BA Admission 2026 : 18 जुलाई को इन चार पाठ्यक्रमों की होगी काउंसिलिंग

कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निम्न स्नातक पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग 18 जुलाई को वाणिज्य एवं प्रबंध संकाय में आयोजित की जाएगी—
बी.एस-सी. (गणित)
बी.एस-सी. (बायो)
बी.म्यूज.
बी.एफ.ए.
उन्होंने कहा कि काउंसिलिंग के बाद फीस का ऑनलाइन भुगतान काउंसिलिंग स्थल पर ही बने काउंटर के माध्यम से करना होगा। समय पर शुल्क जमा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा। साथ ही, काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
MGKVP BA Admission 2026 : 17 जुलाई से शुरू होंगी स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं
इसी बीच विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा के अनुसार मुख्य परिसर में बी.ए., बी.एस-सी. एवं बी.कॉम. द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होंगी। विस्तृत समय-सारिणी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
MGKVP BA Admission 2026 : प्रवेश प्रक्रिया में ये रहे मौजूद
काउंसिलिंग के दौरान प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, स्नातक स्तरीय काउंसिलिंग संयोजक डॉ. राहुल गुप्ता, प्रो. रमन पंत, प्रो. राकेश तिवारी, डॉ. दुर्गेश उपाध्याय, डॉ. आयुष कुमार, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा, डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. वरुण कुमार, डॉ. विजय रंजन, विनोद कुमार, शुभेक्षु कुमार एवं हेमन्त मिश्र सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।