MGKVP Convocation 2026: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षान्त समारोह 28 जुलाई 2026 को आयोजित होगा। ‘विगत दशक में भारत की उपलब्धियां’ थीम पर आधारित इस समारोह में दीक्षोत्सव, प्रतियोगिताएं, गांवों के विशेष कार्यक्रम और आंगनवाड़ी किट वितरण जैसे आयोजन होंगे।
MGKVP Convocation 2026: काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षान्त समारोह 28 जुलाई को, ‘विगत दशक में भारत की उपलब्धियां’ थीम पर होंगे भव्य आयोजन
MGKVP Convocation 2026: वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (एमजीकेवीपी) का 48वां दीक्षान्त समारोह आगामी 28 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को विश्वविद्यालय के पंत प्रशासनिक भवन स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्ण सभागार में कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दीक्षान्त समारोह की रूपरेखा एवं विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
MGKVP Convocation 2026: बैठक में कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने बताया कि इस वर्ष का दीक्षान्त समारोह ‘विगत दशक में भारत की उपलब्धियां’ थीम तथा ‘विकसित भारत : 2047 की आधारशिला’ सब-थीम पर आधारित होगा। समारोह को भव्य एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के लिए दीक्षान्त समारोह से पूर्व विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
MGKVP Convocation 2026: दीक्षोत्सव के तहत होंगी विविध प्रतियोगिताएं
कुलपति ने बताया कि दीक्षान्त समारोह से पूर्व आयोजित होने वाले दीक्षोत्सव में परम्परागत खेल प्रतियोगिता, काव्य लेखन, निबन्ध लेखन, चित्रकला, अभिनय सहित देशभक्ति गीत, स्थानीय एवं पारम्परिक लोक नृत्य, भाषण प्रतियोगिता तथा माँ-बेटी सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता में अलग-अलग प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा तथा विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
MGKVP Convocation 2026: उत्कृष्ट शिक्षकों को मिलेगा सम्मान
दीक्षान्त समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें तीन शिक्षक सम्बद्ध महाविद्यालयों से तथा एक शिक्षक विश्वविद्यालय से चयनित किया जाएगा। चयन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर गठित समिति द्वारा मूल्यांकन कर योग्य शिक्षकों को चिन्हित किया जाएगा।
MGKVP Convocation 2026: गोद लिए गांवों में भी होंगे विशेष आयोजन
विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां परम्परागत खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें चयनित 50 बच्चों को दीक्षान्त समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही 10 बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाव विषय पर गीत एवं अभिनय की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 15 बच्चों का समूह देशभक्ति गीत एवं पारम्परिक लोक नृत्य प्रस्तुत करेगा। गांवों में ‘मेरी मां’ विषय पर भाषण, निबन्ध, काव्य लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों में पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का विकास हो सके।
MGKVP Convocation 2026: विद्यार्थियों में विकसित होगी अध्ययन और स्वच्छता की संस्कृति
दीक्षान्त समारोह की तैयारियों के अंतर्गत विश्वविद्यालय एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को एक घंटे तक पुस्तक अध्ययन कर उसकी समीक्षा रिपोर्ट तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें कुलपति, कुलसचिव, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मिलकर परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं तथा भवनों की सफाई करेंगे।
MGKVP Convocation 2026: भारत की अर्थव्यवस्था और सरकार की उपलब्धियों पर निबन्ध प्रतियोगिता
छात्र-छात्राओं के बीच ‘भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था कैसे बना’, ‘राज्य सरकार के दो अच्छे कार्य’ तथा ‘भारत सरकार के दो अच्छे कार्य’ विषयों पर निबन्ध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के साथ-साथ सम्बद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी भाग लेंगे।
MGKVP Convocation 2026: गांवों के विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान
गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण, चित्रकला और स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी जल संरक्षण, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसे विषयों पर अपने गांवों में हुए सकारात्मक कार्यों को प्रस्तुत करेंगे। पांच गांवों के बीच आयोजित इन प्रतियोगिताओं में प्रत्येक श्रेणी के प्रथम तीन विजेताओं को कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल द्वारा दीक्षान्त समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
MGKVP Convocation 2026: 300 आंगनवाड़ी किट का होगा वितरण
दीक्षान्त समारोह के दौरान कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल द्वारा 300 आंगनवाड़ी किट वितरित की जाएंगी। इसके साथ ही गोद लिए गए पांच गांवों की आंगनवाड़ी केंद्रों का मूल्यांकन कर स्वच्छता, स्वास्थ्य, बच्चों के खेलकूद, रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं के आधार पर उत्कृष्ट केंद्रों को सम्मानित किया जाएगा।
MGKVP Convocation 2026: छात्रावास की छात्राओं के लिए होगा ‘माँ-बेटी सम्मेलन’
दीक्षान्त समारोह के उपरांत विश्वविद्यालय छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं उत्कृष्टता से जुड़े विषयों पर विशेष ‘माँ-बेटी सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें संवाद और जागरूकता के माध्यम से छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर बल दिया जाएगा।
MGKVP Convocation 2026: बैठक में दीक्षान्त समारोह समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह, कुलानुशासक प्रो. कृष्ण कुमार सिंह, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र, वित्त अधिकारी हरि शंकर मिश्र, कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, प्रो. राकेश कुमार तिवारी, डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. राहुल गुप्ता, डॉ. आयुष कुमार, डॉ. सूर्यनाथ सिंह, राजेश राय सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।