BHU Hostel Protest : वाराणसी के Banaras Hindu University के बाल गंगाधर तिलक छात्रावास में आधी रात छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने वार्डन पर अभद्रता, कॉलर पकड़ने और छात्र का खाना डस्टबिन में फिंकवाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की जांच में विश्वविद्यालय प्रशासन जुटा है।

BHU Hostel Protest : BHU के बाल गंगाधर तिलक छात्रावास में देर रात हंगामा
BHU Hostel Protest : वाराणसी स्थित Banaras Hindu University के बाल गंगाधर तिलक छात्रावास में बुधवार देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब छात्रों ने छात्रावास वार्डन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि वार्डन ने एक छात्र के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसके द्वारा बनाया गया भोजन डस्टबिन में फिंकवा दिया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय के प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

BHU Hostel Protest : छात्र ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
एमएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के छात्र कुमार सौरभ ने विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखे पत्र में वार्डन पर मानसिक प्रताड़ना और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। छात्र का कहना है कि छात्रावास में मेस का संचालन नियमित नहीं हो रहा है और भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है, जिसके कारण कई छात्र स्वयं भोजन बनाने को मजबूर हैं। छात्रों के मुताबिक कुछ छात्रों की तबीयत खराब थी, इसलिए वे रात करीब 10 बजे अपने कमरे में खाना बना रहे थे। इसी दौरान वार्डन कुछ सुरक्षा गार्डों के साथ वहां पहुंचे।
BHU Hostel Protest : “कॉलर पकड़ा, खाना फिंकवाया”

छात्रों का आरोप है कि वार्डन ने संबंधित छात्र का कॉलर पकड़ लिया और उसके द्वारा तैयार किया गया भोजन डस्टबिन में फिंकवा दिया। इतना ही नहीं, खाना बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे सामान को भी जब्त कर लिया गया। आरोप यह भी है कि छात्र को कमरे से बाहर निकालकर कमरे में ताला लगा दिया गया, जिसके कारण उसे पूरी रात छात्रावास परिसर के मैदान में बितानी पड़ी।
BHU Hostel Protest : छात्रों में बढ़ा आक्रोश
घटना के बाद छात्रावास में रहने वाले छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली। देर रात बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल परिसर में इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।
BHU Hostel Protest : मेस व्यवस्था और सुविधाओं पर भी उठे सवाल
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने हॉस्टल मेस की अव्यवस्थित व्यवस्था, भोजन की खराब गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई। छात्रों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।