Dalmadi Road Widening : दालमंडी चौड़ीकरण- 400 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में 45 मकान ध्वस्त, 650 मीटर सड़क होगी चौड़ी

Dalmadi Road Widening : वाराणसी के दालमंडी इलाके में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की गई। 400 पुलिसकर्मियों की निगरानी में 45 मकानों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन का दावा है कि 650 मीटर सड़क चौड़ी होने से ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

Dalmadi Road Widening : दालमंडी में सबसे बड़ी कार्रवाई, 400 पुलिसकर्मियों की निगरानी में चला बुलडोजर, शाम तक 45 मकान ध्वस्त

Dalmadi Road Widening : वाराणसी के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शामिल दालमंडी में शनिवार को प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 45 मकानों को ध्वस्त करने का अभियान चलाया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। सुबह से ही पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई थी। कार्रवाई शुरू करने से पहले पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई और ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

Dalmadi Road Widening : 650 मीटर सड़क होगी चौड़ी

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत लगभग 650 मीटर लंबी सड़क को 17.4 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। प्रशासन के अनुसार इस परियोजना के लिए कुल 187 संपत्तियां चिन्हित की गई हैं, जिनमें 181 मकान और 6 मस्जिदें शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 1400 दुकानों पर भी इस परियोजना का प्रभाव पड़ रहा है। प्रशासन ने पहली बार 29 अक्टूबर 2025 को यहां ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया था। अब तक कुल 62 भवनों पर कार्रवाई हो चुकी थी, जबकि शनिवार को 45 अन्य भवनों को तोड़ा गया।

Dalmadi Road Widening : पहले ही जारी कर दिया गया था नोटिस

कार्रवाई से पहले गुरुवार रात पीडब्ल्यूडी की ओर से पूरे इलाके में मुनादी कराई गई थी। मकान मालिकों और दुकानदारों को दोपहर 12 बजे से पहले अपना सामान हटाने के निर्देश दिए गए थे। शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर अभियान शुरू कर दिया।

Dalmadi Road Widening : 25 मकानों का हो चुका है बैनामा

एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि जिन 45 भवनों पर कार्रवाई की जा रही है, उनमें से 25 मकानों का बैनामा पहले ही कराया जा चुका है। वहीं 20 मकान जर्जर हालत में पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Dalmadi Road Widening : शाम तक पूरी करने का लक्ष्य

मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी के के सिंह ने बताया कि चिन्हित सभी 45 भवनों पर कार्रवाई शाम तक पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके पूरा होने से लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। मस्जिदों पर कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। संबंधित पक्षों के साथ बातचीत जारी है और सहमति बनने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Dalmadi Road Widening : ड्रोन कैमरों से निगरानी

एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 से 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स और कई थानों की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। उन्होंने बताया कि चौक और नई सड़क जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष बैरिकेडिंग की गई है। पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है।

Dalmadi Road Widening : मुख्यमंत्री योगी ने दिए थे निर्देश

हाल ही में वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और तय समय में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद दालमंडी समेत आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *