Parliament Budget Session 2026: लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज हो गया। बहस के दौरान अमित शाह और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद सदन को कल तक स्थगित कर दिया गया।
Parliament Budget Session 2026: संसद में स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज

Parliament Budget Session 2026: नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान बुधवार को लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। प्रस्ताव पर तीखी बहस और भारी हंगामे के बीच फैसला लिया गया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इस प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पूरे दिन तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। विपक्षी सांसदों ने स्पीकर के कामकाज पर सवाल उठाए, जबकि सरकार की ओर से इसे पूरी तरह बेबुनियाद बताया गया।
Parliament Budget Session 2026: लोकसभा में जोरदार हंगामा, बेल में पहुंचे विपक्षी सांसद

सदन की कार्यवाही के दौरान उस समय स्थिति और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई जब विपक्षी सांसद गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने की मांग करने लगे। कई सांसद विरोध जताते हुए लोकसभा की बेल (Well of the House) में आ गए। उस समय चेयर पर बैठे जगदंबिका पाल ने बार-बार सांसदों से अपनी सीट पर लौटने की अपील की, लेकिन हंगामा लगातार जारी रहा।
Parliament Budget Session 2026: अमित शाह ने नेहरू सरकार और चीन का किया जिक्र
बहस के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान चीन ने नेफा (अब अरुणाचल प्रदेश का हिस्सा) के बड़े इलाके पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार चीन को लेकर सही रणनीति बनाने में असफल रही। शाह ने कहा कि आज की सरकार सीमा पर सड़कें और इंफ्रास्ट्रक्चर बना रही है ताकि सुरक्षा मजबूत हो सके।
Parliament Budget Session 2026: राहुल गांधी पर अमित शाह का तीखा हमला
अमित शाह ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग स्पीकर के आचरण पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने व्यवहार पर भी ध्यान देना चाहिए। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सदन में बैठे हों और कोई दौड़कर जाकर गले लग जाए, फ्लाइंग किस दे या आंख मटकाए, ऐसा व्यवहार पहले कभी संसद में नहीं देखा गया। उनके इस बयान पर विपक्षी सांसदों ने जोरदार विरोध किया और सदन में हंगामा शुरू हो गया।
Parliament Budget Session 2026: राहुल गांधी की संसदीय उपस्थिति पर उठाया सवाल
गृह मंत्री ने राहुल गांधी की संसद में उपस्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 17वीं लोकसभा में राहुल गांधी की उपस्थिति लगभग 51 प्रतिशत, 16वीं लोकसभा में 52 प्रतिशत और 15वीं लोकसभा में 43 प्रतिशत रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण चर्चाओं जैसे राष्ट्रपति के अभिभाषण और बजट चर्चा में राहुल गांधी ने हिस्सा नहीं लिया। जैसे ही शाह ने ये आंकड़े पढ़ने शुरू किए, कांग्रेस सांसदों ने कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सदन में नेता विपक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया है।
Parliament Budget Session 2026: विदेश यात्राओं को लेकर भी कसा तंज
अमित शाह ने कहा कि जब नेता विपक्ष को बोलने का मौका मिलता है तो वे अक्सर विदेश यात्रा पर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि संसद में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बोलने का कोई प्रावधान नहीं है, इसलिए जो व्यक्ति जर्मनी, इंग्लैंड या सिंगापुर में होगा, वह यहां कैसे बोल सकता है।

Parliament Budget Session 2026: 1975 की इमरजेंसी का भी किया जिक्र
बहस के दौरान अमित शाह ने 1975 की इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने का काम वर्तमान सरकार ने कभी नहीं किया, बल्कि 1975 में आपातकाल के दौरान कई बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया था।
Parliament Budget Session 2026: हंगामे के बीच कार्यवाही स्थगित
लगातार हंगामे और तीखी बहस के बाद स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। संसद के बजट सत्र में आगे भी इस मुद्दे पर राजनीतिक घमासान जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।