UGC New Rules Protest : यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ वाराणसी में काशी विद्यापीठ और बीएचयू में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, जुलूस और नारेबाजी। सवर्ण संगठनों ने नियमों को काला कानून बताते हुए वापस लेने की मांग की।
UGC New Rules Protest : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा 13 जनवरी 2026 को अधिसूचित ‘Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026’ के खिलाफ वाराणसी में छात्र आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कक्षाओं पर ताले लगाए, जुलूस निकाला और सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। छात्रों ने नए नियमों को वापस लेने की मांग करते हुए ‘यूजीसी रोल-बैक’ के नारे लगाए। सुबह से ही विश्वविद्यालय के आठ संकायों में विरोध शुरू हो गया। छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि नए नियम सामान्य और सवर्ण वर्ग के छात्रों के खिलाफ हैं और इनके दुरुपयोग की आशंका से शिक्षा संस्थानों में भय का माहौल बन रहा है।

UGC New Rules Protest : राष्ट्रीय हिंदू दल ने जताया कड़ा विरोध
यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ राष्ट्रीय हिंदू दल संगठन भी खुलकर सामने आ गया है। संगठन के अध्यक्ष रोशन पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने खून से पत्र लिखकर नियमों को वापस लेने की मांग की। साथ ही उन्होंने सवर्ण सांसदों को चूड़ियां भेजते हुए इस्तीफे की मांग की। रोशन पांडेय ने आरोप लगाया कि यह नियम सवर्ण समाज को निशाना बनाकर लाया गया है और इसे ब्राह्मण, भूमिहार व राजपूत समाज पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सवर्णों को खत्म करने की साजिश कर रही है।
UGC New Rules Protest : बीएचयू कैंपस से कचहरी तक फैला विरोध

मंगलवार को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) कैंपस से लेकर कचहरी तक छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नियमों को सवर्ण विरोधी बताते हुए रद्द करने की मांग की। इस दौरान कचहरी परिसर में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार और यूजीसी ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
UGC New Rules Protest : सवर्ण समाज ने बताया भेदभावपूर्ण नियम
जिला मुख्यालय पर सवर्ण समाज के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर नियमों को भेदभावपूर्ण बताया। उनका कहना है कि नए प्रावधानों से सामान्य वर्ग के छात्रों और शिक्षकों पर झूठे मुकदमों का खतरा बढ़ जाएगा। सवर्ण समाज ने चेतावनी दी कि यदि नियम वापस नहीं लिए गए या संशोधन नहीं किया गया, तो दिल्ली में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
UGC New Rules Protest : बीएचयू में धरना, ‘काला कानून’ बताया

बीएचयू में छात्रों ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय पर धरना देते हुए नियमों को ‘काला कानून’ करार दिया। छात्र नेता हिमांशु राय और आशुतोष शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी ने नियम वापस नहीं लिया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
UGC New Rules Protest : केसरिया भारत और भाजपा नेता भी विरोध में

कचहरी परिसर में केसरिया भारत संस्था से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया, जहां पुलिस से झड़प की स्थिति बनी। भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री एडवोकेट प्रिंस चौबे ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इन नियमों से छात्र, शिक्षक और आमजन भयभीत हैं।
UGC New Rules Protest : देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
हालांकि यूजीसी का कहना है कि ये नियम उच्च शिक्षा संस्थानों में जाति आधारित भेदभाव रोकने के लिए लाए गए हैं, लेकिन सवर्ण समुदाय इन्हें एकतरफा और दुरुपयोग की आशंका वाला मान रहा है। वाराणसी के बाद दिल्ली समेत अन्य राज्यों में भी विरोध तेज हो रहा है, जहां सवर्ण सेना जैसे संगठन सक्रिय हो गए हैं।