Budget 2026-27 Halwa Ceremony : Halwa Ceremony के साथ Budget 2026-27 की उलटी गिनती शुरू, 1 फरवरी को संसद में पेश होगा केंद्रीय बजट

Budget 2026-27 Halwa Ceremony : केंद्रीय बजट 2026-27 से पहले वित्त मंत्रालय में हलवा सेरेमनी का आयोजन हुआ। 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जानें हलवा सेरेमनी, लॉक-इन प्रक्रिया और डिजिटल बजट की पूरी जानकारी।

Budget 2026-27 Halwa Ceremony : केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर अब औपचारिक रूप से उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। बजट पेश होने से ठीक पहले मंगलवार को वित्त मंत्रालय में पारंपरिक ‘हलवा सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। इसके साथ ही बजट निर्माण की प्रक्रिया अपने अंतिम और निर्णायक चरण में प्रवेश कर गई है। नॉर्थ ब्लॉक स्थित बजट प्रेस में आयोजित इस परंपरागत समारोह में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्वयं कड़ाही में हलवा बनाकर अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बांटा। इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और बजट तैयार करने वाली टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

Budget 2026-27 Halwa Ceremony : क्या है हलवा सेरेमनी की परंपरा?

हलवा सेरेमनी भारतीय बजट प्रक्रिया की एक दशकों पुरानी परंपरा है, जिसे शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। यह रस्म इस बात का संकेत होती है कि अब बजट से जुड़े दस्तावेजों पर काम लगभग पूरा हो चुका है और अंतिम छपाई की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।

Budget 2026-27 Halwa Ceremony : लॉक-इन पीरियड क्यों होता है जरूरी?

हलवा सेरेमनी के बाद बजट तैयार करने वाले अधिकारी और कर्मचारी ‘लॉक-इन पीरियड’ में चले जाते हैं। इस दौरान लगभग 60 से 70 अधिकारी और कर्मचारी नॉर्थ ब्लॉक के भीतर ही रहते हैं। बाहरी दुनिया से उनका संपर्क पूरी तरह प्रतिबंधित होता है। इसका उद्देश्य बजट से जुड़ी किसी भी संवेदनशील जानकारी के लीक होने से रोकना होता है। यह लॉक-इन प्रक्रिया तब तक जारी रहती है जब तक बजट संसद में पेश नहीं हो जाता।

Budget 2026-27 Halwa Ceremony : डिजिटल और पेपरलेस बजट पर सरकार का जोर

सरकार इस बार भी पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बजट पेश करने जा रही है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक Union Budget Mobile App के माध्यम से सांसद और आम नागरिक बजट से जुड़े सभी दस्तावेज देख सकेंगे। 1 फरवरी 2026 को वित्त मंत्री के बजट भाषण समाप्त होते ही सभी डॉक्यूमेंट्स ऐप और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। इसमें वार्षिक वित्तीय विवरण, अनुदान की मांगें, वित्त विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होंगी।

Budget 2026-27 Halwa Ceremony : 1 फरवरी को संसद में पेश होगा बजट 2026-27

केंद्रीय बजट रविवार, 1 फरवरी 2026 को संसद में पेश किया जाएगा। यह निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां बजट होगा। बजट भाषण सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसे संसद टीवी, डीडी न्यूज और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लाइव देखा जा सकेगा।

Budget 2026-27 Halwa Ceremony : इन ऐलानों पर टिकी रहेंगी देश की नजरें

देशभर के उद्योग, निवेशक और आम नागरिक इस बजट से कई अहम उम्मीदें लगाए बैठे हैं। खासतौर पर आर्थिक विकास को रफ्तार देने के उपाय, टैक्स स्लैब में राहत, महंगाई पर नियंत्रण, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन, स्टार्टअप और मिडिल क्लास के लिए राहत पैकेज। अब सभी की निगाहें 1 फरवरी को होने वाले बड़े ऐलानों पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *