Mau Car Accident : मऊ में दर्दनाक हादसा- घर के बाहर धूप में बैठे परिवार के चार लोगों को कार ने रौंदा, मां-बेटी की मौत

Mau Car Accident : मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में घर के बाहर धूप में बैठे एक परिवार के चार लोगों को कार ने रौंदा। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है।

Mau Car Accident : जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा के पूरा ताजोपुर में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के बाहर धूप में बैठे एक ही परिवार के चार लोगों को एक अनियंत्रित कार ने कुचल दिया। इस हादसे में मां और बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। परिजनों ने इसे महज हादसा नहीं बल्कि पुरानी रंजिश में की गई जानबूझकर हत्या बताया है।

Mau Car Accident : धूप में बैठे थे, तभी पलटी किस्मत

जानकारी के अनुसार, ताजोपुर के बाबू का पूरा मौजा निवासी रीता देवी (50), उनकी बेटी गोल्डी राजभर (24), सास मुखिया राजभर (70) और बहन का बेटा शिवम राजभर (25) सोमवार की दोपहर घर के बाहर धूप सेंक रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी सचिन कार से किसी रिश्तेदार के घर मकर संक्रांति के पर्व पर खिचड़ी लेकर जा रहा था। आरोप है कि कार चालक ने अचानक तेज रफ्तार में वाहन मोड़ दिया और सीधे परिवार के लोगों पर चढ़ा दिया।

Mau Car Accident : मौके से फरार हुआ चालक

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि कार चालक राजन वारदात के बाद कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया। कार में सवार दूसरे युवक ने गांव निवासी एक अन्य चालक की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और कार लेकर फरार हो गया।

Mau Car Accident : अस्पताल में मां-बेटी की मौत

परिजन आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रीता देवी (50) को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान उनकी बेटी गोल्डी राजभर (24) ने भी दम तोड़ दिया। मुखिया राजभर और शिवम राजभर का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Mau Car Accident : परिजनों का आरोप: रंजिश में की गई हत्या

मृतकों के परिजनों का आरोप है कि दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुरानी रंजिश चली आ रही है। लड़की से जुड़े एक विवाद को लेकर पहले भी कई बार कहासुनी और आमना-सामना हो चुका है। परिजनों का कहना है कि इसी रंजिश के चलते कार चालक ने जानबूझकर गाड़ी घर के सामने घुमाई और तेज गति से सभी को रौंद दिया।

Mau Car Accident : पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सरायलखंसी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *