Manikarnika Ghat Controversy : मणिकर्णिका घाट विवाद में एआई जनरेटेड वीडियो और भ्रामक टिप्पणियों के बाद पुलिस सख्त हो गई है। पाल समाज के प्रदर्शन के दौरान 17 लोगों को हिरासत में लिया गया, सांसदों को नोटिस जारी।
Manikarnika Ghat Controversy : मणिकर्णिका घाट से जुड़ा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। घाट को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों और एआई जनरेटेड वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसके बावजूद सोमवार को पाल समाज के लोग मणिकर्णिका घाट पर धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान पाल समाज के लोग “रानी अहिल्याबाई अमर रहें” के नारे लगा रहे थे। सूचना मिलते ही चौक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी भी हुई। पुलिस सभी को चौक थाने ले गई, जहां उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Manikarnika Ghat Controversy : क्या है पूरा मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर स्थित कुंभ महादेव मंदिर का एक वीडियो, मणिकर्णिका घाट का बताकर वायरल किया गया। वीडियो में मंदिर को खंडित दर्शाया गया, जिसे लेकर धार्मिक भावनाएं भड़कने लगीं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह वीडियो भ्रामक और एआई तकनीक से तैयार किया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चौक थाने की पुलिस ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह, बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव समेत कुल आठ लोगों को नोटिस जारी किया है। सभी को तीन दिन के भीतर थाने में उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले शनिवार को पुलिस ने दो सांसदों सहित आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

Manikarnika Ghat Controversy : पुलिस और प्रशासन का पक्ष
डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने स्पष्ट किया कि कुंभ महादेव मंदिर पूरी तरह सुरक्षित है और वहां नियमित पूजा-अर्चना हो रही है। उन्होंने कहा कि खंडित मूर्तियों और मंदिरों को बेवजह मणिकर्णिका घाट से जोड़कर वायरल किया जा रहा है। यह पूरी तरह भ्रामक है और धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने आगे बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियां करने वालों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Manikarnika Ghat Controversy : प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी भ्रामक वीडियो या पोस्ट को बिना सत्यापन साझा न करें। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।